डे-नाइट टेस्ट में टीम इंडिया ने श्रीलंका की हालत पतली कर दी है। दूसरे दिन रविवार सुबह टीम इंडिया ने जसप्रीत बुमराह की कातिलाना गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका को 109 रन पर ढेर कर दिया और भारत को 143 रन की बढ़त मिली। इसके बाद भारत ने दूसरी पारी नौ विकेट पर 303 रन बनाकर घोषित की। इस तरह टीम इंडिया ने श्रीलंका के सामने 447 रन का टारगेट रखा है। इसके जवाब में श्रीलंका ने एक विकेट खोकर 28 रन बना लिए हैं। कप्तान दिमुथ करुणारत्ने (10) और कुसल मेंडिस (16) क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले भारत ने दूसरी पारी 303/9 के स्कोर पर घोषित की थी, इसमें श्रेयस अय्यर (67) टॉप स्कोरर रहे, जबकि ऋषभ पंत ने 50 रन की पारी खेली। टीम इंडिया ने पहली पारी 252 रन बनाए थे, जबकि श्रीलंका पहली पारी में केवल 109 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई थी। इसमें जसप्रीत बुमराह ने 10 ओवर में 24 रन पर कुल पांच विकेट लिए, जबकि अश्विन और मोहम्मद शमी ने दो-दो विकेट हासिल किए। अक्षर पटेल ने भी एक विकेट लिया। श्रीलंका की तरफ से एंजेलो मैथ्यूज ने 85 गेंदों पर 43 रन बनाए।
रोहित शर्मा के सिक्स ने तोड़ी दर्शक की नाक
भारत और श्रीलंका के बीच डे-नाइट टेस्ट में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा द्वारा लगाया गया छक्का बहुत ही खतरनाक साबित हुआ। उनके इस छक्के की वजह से एक दर्शक के नाक की हड्डी टूट गई। मैच के छठे ओवर में विश्वा फर्नांडो की गेंद पर रोहित ने पुल शॉट मारा औक छक्के के लिए गई और डेक्कन हेराल्ड के रिपोर्ट के मुताबिक, गेंद मैच देख रहे एक फैन 22 साल के गौरव विकास के नाक पर लगी और उसे हड्डी में हेयरलाइन फ्रेक्चर के साथ गहरा कट भी लगा।
