शिमला।मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 76वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी सौगातें दी हैं. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर्मचारियों के लिए नए वेतनमान के एरियर की पहली किस्त देने की घोषणा की है. जिला सिरमौर के सराहां में राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सीएम जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इस दौरान उन्होंने परेड का भी निरीक्षण किया. सीएम ने कर्मचारियों को 1 जनवरी 2016 से देय एरियर के एक चौथाई हिस्से के भुगतान की घोषणा की. पेंशनरों को भी यह लाभ मिलेगा. इस पर सरकार 1,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी. इससे 2.25 लाख कर्मियों व 1.90 लाख पेंशनरों को लाभ मिलेगा.गौरतलब है कि छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत नया वेतनमान दिया जा रहा है. यह एक जनवरी 2016 से लागू किया गया है, जबकि इसे एक जनवरी 2022 से दिया गया है. साल के अंत में हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने वाली है. ऐसे में चुनाव से ठीक पहले जयराम सरकार ने राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कर्मचारियों के लिए कई सौगातें दीं.
