शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे शिमला के मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में एट होम का आयोजन किया गया। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और लेडी गवर्नर बिंद्र गुप्ता सहित विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, नेता विपक्ष जयराम ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा प्रदेश सरकार के उच्च अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। गणमान्य अतिथियों से राष्ट्रपति ने एक-एक कर मुलाकात की। सभी अतिथियों को कई प्रकार के व्यंजन भी परोसे गए। दोपहर बाद राष्ट्रपति निवास में भी जमकर बारिश और ओलावृष्टि हुई। राष्ट्रपति ने निवास में ही आराम किया। उधर, शुक्रवार को राष्ट्रपति का सेना प्रशिक्षण केंद्र शिमला जाना संभावित है। दोपहर बाद राष्ट्रपति शिमला से दिल्ली लौट जाएंगी। इस बार राष्ट्रपति का हिमाचल दौरा खराब मौसम की भेंट चढ़ गया। बारिश और बर्फबारी के चलते राष्ट्रपति 29 अप्रैल को अटल टनल रोहतांग और वीरवार को पालमपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय नहीं जा सकीं।
