Spread the love

शिमला। राज्य निर्वाचन आयोग हिमाचल प्रदेश द्वारा 51 शहरी निकायों के सामान्य चुनाव के लिए जारी प्रक्रिया के तहत नामांकन भरने के दूसरे दिन गुरुवार को उम्मीदवारों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोग के अनुसार गुरुवार को कुल 535 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिससे चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया दो मई तक जारी रहेगी। इसके बाद चार मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि छह मई को नामांकन वापसी के तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आबंटित किए जाएंगे। मतदान 17 मई को सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के माध्यम से कराया जाएगा। जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो कांगड़ा जिला में सबसे अधिक 98 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जबकि हमीरपुर जिला में सबसे कम 27 नामांकन प्राप्त हुए।

मंडी जिला में 77, सोलन जिला में 76, शिमला जिला में 63, सिरमौर जिला में 44, ऊना जिला में 43, चंबा जिला में 39, बिलासपुर जिला में 36 और कुल्लू जिला में 32 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इससे पहले 29 अप्रैल को कुल 155 नामांकन प्राप्त हुए थे, जो दूसरे दिन बढक़र 535 तक पहुंच गए। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने उम्मीदवारों से निर्धारित समयसीमा का पालन करने की अपील भी की है। चुनाव को लेकर सभी जिलों में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।

Leave a Reply