धर्मशाला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कांगड़ा शहर के समीप गुप्ता गंगा के यात्री सदन में तीन राज्यों के जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर और कार्यशाला में जोश भरा। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला अध्यक्षों को स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने का अधिकार दिया जाएगा। जो जिला अध्यक्ष बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। बूथ स्तर पर काम करने वाले ईमानदार और मेहनती कार्यकर्ताओं को भी उचित सम्मान और अवसर मिलेगा।
राहुल ने कहा कि कार्यकर्ता अपने मन से डर खत्म कर आत्मविश्वास जगाएं। तनावमुक्त रहकर धरातल पर पहुंचकर आम आदमी की आवाज बनें, लेकिन इससे पहले उन्हें आत्मविश्वास जगाना होगा। हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के जिला अध्यक्षों से संवाद करते हुए राहुल गांधी ने संगठन से जुड़े सवाल पूछे और सुझाव मांगे। सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक चली कार्यशाला में राहुल गांधी ने संगठन को नई धार देने में कोई कमी नहीं छोड़ी।
