गगल। अब नशे के सौदागर बच्चों को मोहरा बनाकर उन्हें चिट्टा तस्करी में धकेल रहे हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला कांगड़ा में सामने आया। गगल थाना क्षेत्र के तहत बनोई पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर जांच के दौरान अमृतसर से बैजनाथ जा रही एचआरटीसी की बस से 130.48 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। हैरानी की बात यह है कि यह चिट्टा 13 वर्षीय किशोर के बैग में मिला है। गगल थाना प्रभारी उधम सिंह राजपूत ने बताया कि सीआईए कांगड़ा की टीम एएसआई मनजीत सिंह के नेतृत्व में बुधवार रात करीब 9:00 बजे वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाहपुर की ओर से आ रही एचआरटीसी बस को रोककर तलाशी ली गई। बस में एक नाबालिग अकेला बैठा मिला।
पूछताछ में उसकी उम्र 13 वर्ष पाई गई। बच्चे के पास मौजूद पिट्ठू बैग जब पुलिस ने जांच के लिए खुलवाया तो उसमें से चिट्टा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में नाबालिग ने खुलासा किया कि यह नशीला पदार्थ उसे पंजाब के अमृतसर में उसके एक रिश्तेदार ने दिया था। रिश्तेदार ने उसे बस में बैठाकर कहा था कि वह आगे चलकर उससे यह सामान ले लेगा। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच मुख्य आरक्षी विकास भट्ट को सौंपी गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और संबंधित रिश्तेदार की तलाश में जुट गई है। वहीं, एएसपी बीर बहादुर ने बताया कि नशीले पदार्थ के साथ पकड़े गए नाबालिग को ऊना स्थित जुवेनाइल बोर्ड ने 14 दिन के लिए ऊना आब्जर्वेशन होम में रखा है।
