शिमला। हिमाचल प्रदेश के नगर निकाय चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया शनिवार को पूरी हो गई। 29, 30 अप्रैल और 2 मई को कुल 1426 नामांकन पत्र दाखिल हुए। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन के तीसरे और अंतिम दिन पूरे राज्य में कुल 721 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। कांगड़ा जिला में सबसे अधिक 269 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जबकि हमीरपुर में सबसे कम 55 नामांकन हुए। अन्य प्रमुख जिलों में चंबा से 62 और बिलासपुर से 44 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए।
नगर निकाय चुनावों में ईवीएम के जरिए वोट डाले जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण में 4 मई को संबंधित रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 4 मई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे, जिसके तुरंत बाद उन्हें चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए जाएंगे। मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।
