धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड चार मई को सुबह 11 बजे 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित करेगा। प्रदेश भर में 81 हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा दी है। शिक्षा बोर्ड सोमवार को आर्ट्स-कॉमर्स और विज्ञान संकाय के परिणाम घोषित करेगा। वहीं इस बार 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा। जहां से विद्यार्थी इसे आसानी से देख सकेंगे।
जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 3 मार्च से 1 अप्रैल तक 12वीं कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन किया था। इस दौरान प्रदेश भर में 81 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। शिक्षा बोर्ड ने 5 अप्रैल से उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य प्रदेश भर में स्थापित 41 केंद्रों पर किया था। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि परीक्षा परिणाम को तैयार कर लिया गया है। चार मई को इसे सुबह 11 बजे घोषित कर दिया जाएगा और बोर्ड की वेबसाइट पर इसे अपलोड कर दिया जाएगा।
कितने अंक वाले होंगे पास?
हिमाचल बोर्ड 12वीं परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को हर विषय में कम से कम 33% अंक लाने जरूरी होते हैं। इसका मतलब है कि यदि किसी विषय में थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों मिलाकर 33% या उससे अधिक अंक आ जाते हैं, तो छात्र उस विषय में पास माना जाएगा। वहीं अगर कोई छात्र एक या दो विषय में न्यूनतम अंक से कम रह जाता है, तो उसे बोर्ड के नियमों के अनुसार कंपार्टमेंट परीक्षा का अवसर भी मिल सकता है।
री-चेकिंग के लिए कौन कर सकता है आवेदन?
जो छात्र अपने HPBOSE 12वीं रिजल्ट 2026 से संतुष्ट नहीं हैं, वे अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) या री-चेकिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरना होगा और निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। अगर री-चेकिंग के बाद अंकों में वृद्धि होती है तो मार्कशीट को अपडेट कर दिया जाता है, लेकिन अगर अंकों में कमी आती है तो पहले वाले अंक ही मान्य रहते हैं और उनमें कोई बदलाव नहीं किया जाता।
