शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल के शहरी निकाय के चुनाव सेमीफाइनल नहीं हैं। अब तो फाइनल 2027 में ही होगा। उन्हेांने कहा कि कि जो हिमाचल में गैस सिलेंडर के दाम 1000 रुपए बढ़ा दिए गए हैं, तो इसका असर भी नगर निगम चुनाव में होगा। आज महंगाई आसमान छू रही है। केंद्र सरकार ने 10 हजार करोड़ आरडीजी के काट दिए। यह जनता को ध्यान में रखना है। आपदा के दौरान जो सहायता मिलनी थी और जो प्रधानमंत्री ने 1500 करोड़ देने की घोषणा की थी, उसको ध्यान में रखकर भी लोग वोट डालेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि वह चुनाव प्रचार के लिए पश्चिम बंगाल गए थे। बंगाल में हमने कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए 294 जगह प्रत्याशी खड़े किए। पहले कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए ममता बनर्जी जैसी नेता थीं, वह पार्टी छोडक़र चली गईं। उसके साथ ही टीएमसी का उदय हुआ और कंाग्रेस के वोट बैंक पर उन्होंने नुकसान पहुंचाया। आज हमने अपनी पार्टी को फिर से खड़ा किया और निश्चित तौर पर आने वाले समय में हम कांग्रेस को मजबूत करेंगे।
भाजपा ने पश्चिम बंगाल में चुनाव का ध्रुवीकरण किया है। आने वाले समय में वहां पर भाजपा से कांग्रेस का मुकाबला होगा और कांग्रेस वहां भाजपा पर भारी पड़ेगी। सीएम ने कहा कि पहले लोकतंत्र में किसी भी संस्था को दबाव में नहीं लाया जाता था। अब भाजपा चुनाव आयोग को ही अपना हथियार बना रही है। चुनाव में साम, दाम, दंड, भेद का इस्तेमाल होता है, लेकिन जो भाजपा ने किया, वह कांग्रेस ने कभी नहीं किया है। केरल में हम ऑपोजिशन में थे। पश्चिम बंगाल में हम नहीं थे। 49 साल से हम सत्ता में नहीं हैं। काफी सालों बाद हमने वहां अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। केरल में हम मुख्य विपक्षी पार्टी थे और वहां अब हमारी सरकार बनने वाली है। एक आम संदेह यह भी होता है कि ईवीएम को कोई भी कहीं भी हैक कर सकता है।
