शिमला। मानसून सत्र के दौरान महिला कांग्रेस संसद का घेराव करेगी। इससे पहले महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश की दस लाख महिलाएं पोस्टकार्ड पीएम को भेजेंगी और हस्ताक्षर अभियान भी इसी मुद्दे पर चलाया जा रहा है। महिला कांग्रेस तीन मुख्य मुद्दों महिला आरक्षण, सुरक्षा और महंगाई पर आंदोलन चलाएगी। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर निशाना भी साधा।
उन्होंने मांग की कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 543 सीटों के आधार पर तुरंत लागू किया जाए। अलका लांबा ने कहा कि महिला कांग्रेस ‘चलो संसद’ नारे के साथ पीएम मोदी को 10 लाख पोस्ट कार्ड भेजेगी और संसद का घेराव करेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उनकी मांग आरक्षण को लागू करने के साथ-साथ ओबीसी की महिलाओं को भी इसमें शामिल करने की है।
पीएम को भेजे पोस्टकार्ड
शिमला — महिला कांग्रेस ने ‘पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री के नाम’ अभियान का आगाज कर दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने शिमला के खेल परिसर स्थित डाकघर के लेटर बॉक्स में पोस्टकार्ड डाले। उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भाजपा को महिला विरोधी भी करार दिया। अलका लांबा ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू आज करो और अभी करो’ की मांग को लेकर प्रदेश में यह अभियान आरंभ किया गया है।
