शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ असर से मौसम लगातार करवट बदल रहा है और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मई के गर्म मौसम में भी बर्फबारी का नजारा देखने को मिल रहा है। मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ वर्षा दर्ज की गई। राजधानी शिमला में दिन के समय जोरदार बारिश हुई, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। जिला लाहुल-स्पीति के गोंदला क्षेत्र में हल्की बर्फबारी भी दर्ज की गई।
मौसम विभाग बुधवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। सात मई को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है। आठ और नौ मई को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन दस मई से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा।
धर्मशाला में 30 एमएम बारिश
राज्य में बीते 24 घंटों में सबसे अधिक धर्मशाला में 30.6 एमएम, कांगड़ा में 29.4, गुलेर में 21.4, चौपाल में 18, शिलारू में 15.8, सराहन में 15.5 , पालमपुर में 15.4, मंडी में 13.4, जोगिंद्रनगर में नौ , कल्पा में 7.2, सांगला में 6.4 और बरठीं में 5.2 एमएम बारिश हुई।
कहां, कितना तापमान
शिमला 11, सुंदरनगर 15, भुंतर 11.1, कल्पा 2.6 , धर्मशाला 17, ऊना 17.5, नाहन 14.6, केलांग 4.4 , पालमपुर 12.5, सोलन 11.4, मनाली 6.6, कांगड़ा 14.6, मंडी 15.4, बिलासपुर 18, चंबा 16.2, जुब्बरहट्टी 13,कुफरी 8, कुकुमसेरी 2.9, सेओबाग 8.8, बरठीं 17, पांवटा साहिब 21 डिग्री और सराहन में 9.5 डिग्री दर्ज किया गया।
