शिमला। चंडीगढ़ में दो जगह ब्लास्ट की घटनाओं के अगले ही दिन हिमाचल प्रदेश की राजधानी के भराड़ी क्षेत्र में सड़क के किनारे लगे पोस्टर से हड़कंप मच गया है। पोस्टर में रोहड़ू अदालत और एसडीएम ऑफिस को उड़ाने की धमकी दी गई थी। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने रोहड़ू में एहतियातन दोनों परिसरों को खाली करवाकर तलाशी अभियान चलाया जिसमें किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं की गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना सदर में केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 8:00 बजे के करीब लोगों ने भराड़ी क्षेत्र के एवरसनी क्षेत्र में सड़क के किनारे दीवार पर लगे पोस्टर को देखा। मामले की सूचना संबंधित पुलिस स्टेशन को दी गई। पुलिस और सीआईडी की टीमें आनन-फानन में मौके पर पहुंचीं और छानबीन शुरू की। पुलिस ने आसपास के पूरे क्षेत्र और जंगल को खंगाला जिससे पता लगाया जा सके कि कहीं और जगह तो इस तरह के पोस्टर नहीं लगाए गए हैं। पोस्टर में बुधवार को दोनों स्थानों पर धमाके की धमकी दी गई थी। इसको देखते हुए पुलिस ने फौरन दोनों परिसरों को खाली करवाकर तलाशी अभियान चलाया।
जांच के लिए कुछ देर तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को भी रोका गया। थाना सदर में अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू की दी है जिस जगह यह पोस्टर लगाया गया है, वह जंगल का क्षेत्र है। यहां पर सड़क के किनारे कई गाड़ियां खड़ी होती हैं। पुलिस अब रात के समय यहां से गुजरने वाले वाहनों की पड़ताल कर रही है। इसके लिए आसपास के क्षेत्र के होटलों और घरों में लगे सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।
