शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में कई ईलाको में एक बार फिर से तेज बारिश ने मौसम के रूख में परिवर्तन किया है। प्रदेश में अलर्ट के बीच बीते 24 घंटो के दौरान शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा समेत अन्य हिस्सों में तेज हवाओं, बादलों की गडगड़़ाहट और हल्की से मध्यम बारिश हुई है। वहीं कई जगह अचानक चले अंधड़ से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। राज्य के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। राज्य में सबसे अधिक धर्मशाला में 18.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ओलिंडा में 11.4, नंगल डैम में 9.2, आरएल बीबीएमबी में 7.4, कुफरी में 6.0, ऊना में 5.4, घमरूर में 4.0, कांगड़ा में 3.6, सियोबाग और मुरारी देवी में 2.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई।
शिमला, कल्पा और बरठीं में भी हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शिमला, सुंदरनगर, कांगड़ा, भुंतर और मुरारी देवी में गरज के साथ बिजली चमकी, जबकि सियोबाग में 48 और सुंदरनगर के केवीके क्षेत्र में 33 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक राज्य के पांच जिलो चंबा कांगड़ा कुल्लू चंबा शिमला में दो दिन 15 और 16 मई को तेज हवाओं और अंधड का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 17 मई को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मध्य और मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार 18 से 20 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। इससे निचले मैदानी इलाकों में तापमान बढऩे और गर्मी के तेवर तीखे होने की संभावना है।
मई माह में पश्चिमी विक्षोभ लगातार सक्रिय
मौसम विभाग का कहना है कि मई महीने में अब तक लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी रहा। इसके कारण औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। यही वजह रही कि ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जैसे गर्म क्षेत्रों में भी इस बार मई के दौरान तेज गर्मी का असर कम रहा, जबकि पहाड़ी इलाकों में ठंड का एहसास बना हुआ है।
केलांग सबसे ठंडा
प्रदेश के प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम तापमान केलांग में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके बाद ताबो में 4.1, कुकुमसेरी में 5.2, कल्पा में 6.0, मनाली में 9.4, कुफरी में 10.1, सराहन में 10.5, भुंतर में 11.2, सियोबाग में 11.5, सोलन में 13.5, शिमला में 13.8, धर्मशाला में 13.9, पालमपुर में 14.0, बरठीं में 14.2, सुंदरनगर में 14.6, कांगड़ा में 15.3, जुब्बड़हट्टी में 15.5, मंडी में 16.1, ऊना में 17.0, बिलासपुर में 17.5, नाहन में 18.3, देहरा गोपीपुर में 21.0 और पांवटा साहिब में 24 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
