शिमला। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप (आईएएस) ने पंचायत चुनाव प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में सहायक निर्वाचन अधिकारी रजनीश चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई ग्राम पंचायत दलगांव, विकास खंड रोहड़ू में चुनाव चिह्नों के आवंटन में नियमों की अनदेखी पाए जाने के बाद की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रजनीश चौहान, जोकि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान समरकोट तहसील रोहड़ू में ग्रुप इंस्ट्रक्टर के पद पर कार्यरत हैं, को ग्राम पंचायत दलगांव के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया था। पंचायत चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद 15 मई को चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की थी।
