Spread the love

सोलन। जिला सोलन की तहसील अर्की के अंतर्गत गांव नमोल (डाकघर कुनिहार) के होनहार युवक ध्रुव तनवर ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ध्रुव ने देश की प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षा कैट (कॉमन एडमिशन टेस्ट) उत्तीर्ण कर कई नामी प्रबंधन संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया है। ध्रुव का चयन भारतीय प्रबंधन संस्थान काशीपुर, भारतीय प्रबंधन संस्थान अमृतसर, भारतीय प्रबंधन संस्थान जम्मू, भारतीय प्रबंधन संस्थान बोधगया तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के डीबीई कार्यक्रम में हुआ है।
सबसे खास बात यह रही कि ध्रुव ने यह सफलता बिना किसी कोचिंग संस्थान की सहायता के हासिल की। उन्होंने स्वयं अध्ययन के माध्यम से कैट जैसी कठिन परीक्षा को पास किया और ग्रुप डिस्कशन (जीडी), पर्सनल इंटरव्यू (पीआई) तथा अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक रिकॉर्ड के आधार पर इन प्रतिष्ठित संस्थानों में जगह बनाई।

वर्तमान में ध्रुव डॉ. बी.आर. अंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में बीए एलएलबी अंतिम सेमेस्टर के छात्र हैं। इसके अलावा उन्होंने एसओएफ इंटरनेशनल इंग्लिश ओलंपियाड में भी मेडल प्राप्त किया है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सेंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल से हुई, जबकि जमा एक और जमा दो की पढ़ाई भवन विद्यालय से पूरी की।

ध्रुव पढ़ाई के साथ-साथ जिम और फुटबॉल में भी रुचि रखते हैं। वे एक शिक्षित और प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता हेमंत तनवर हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि माता मंजु तनवर सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उनकी बड़ी बहन जाह्नवी तनवर ने हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय से बीबीए एलएलबी तथा राजीव गांधी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय से मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की है। ध्रुव तनवर की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनी हुई है। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो यह संदेश देती है कि मेहनत, आत्मविश्वास और सही दिशा में प्रयास करने से बिना कोचिंग के भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।

Leave a Reply