Spread the love

शिमला। जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए इस वर्ष अब तक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 134 मुकदमे दर्ज किए हैं, जिनमें अधिकांश मामले इंटरमीडिएट और कॉमर्शियल क्वांटिटी से जुड़े हैं। इन मामलों में कुल 286 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने केवल स्थानीय स्तर पर ही नहीं बल्कि सप्लाई नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए बैकवर्ड लिंकेज पर भी कार्रवाई की है। इसके तहत पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, भारत-नेपाल बॉर्डर और केरल जैसे राज्यों से 42 आरोपियों को शिमला पुलिस की विशेष टीमों ने गिरफ्तार किया है। शिमला पुलिस ने इस वर्ष एक करोड़ 13 लाख रुपए की अवैध संपत्ति जब्त करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 और 2025 में इस प्रकार की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई नहीं हुई थी।

पुलिस थाना कुमारसैन में दस अप्रैल, 2026 को दर्ज मुकदमा संख्या 27/2026 में पुलिस ने वित्तीय जांच के दौरान करीब 53 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज की है। इस मामले में पुलिस ने ऐन बहादुर, चक्र बहादुर और मोहन शाही नामक आरोपियों के कब्जे से 9.028 किलोग्राम अफीम और 12 लाख रुपए नकद बरामद किए थे। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज पर कार्रवाई करते हुए कंडाघाट स्थित लक्ष्मी टी स्टॉल से महिला आरोपी लक्ष्मी के कब्जे से 2.039 किलोग्राम अफीम बरामद की थी। चारों आरोपी फिलहाल सब-जेल कैथू में हैं। इसके अलावा पुलिस थाना कोटखाई में वर्ष 2023 और 2025 में दर्ज एनडीपीएस मामलों में आरोपी आर्यन को अरेसट किया है।

2024 में 25 लाख का लेनदेन

वित्तीय जांच में पता चला कि वर्ष 2024 में आरोपी के बैंक खातों में 23 लाख और वर्ष 2025 में 25 लाख रुपए का लेनदेन हुआ, जबकि उसके पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अवैध कमाई से एक स्कॉर्पियो गाड़ी खरीदी और दो मंजिला मकान बनवाया। पुलिस ने उसकी कुल 60 लाख रुपए की संपत्ति जब्त कर ली है।

नशा बेचकर खरीदी गाडिय़ां

वित्तीय जांच में सामने आया कि आरोपी ऐन बहादुर और महिला आरोपी लक्ष्मी लंबे समय से अफीम तस्करी में संलिप्त थे और कंडाघाट व नारकंडा सहित कई क्षेत्रों में युवाओं और ग्राहकों तक नशीले पदार्थ पहुंचा रहे थे। ऐन बहादुर ने नशा तस्करी से अर्जित धन से इनोवा और अर्बन क्रूजर जैसी दो गाडिय़ां खरीदी थीं। उसके पास से 12 लाख रुपए नकद भी बरामद किए गए। महिला आरोपी लक्ष्मी ने बुलेट खरीदी थी और उसके बैंक खातों में करीब पांच लाख रुपए जमा पाए गए। पुलिस ने कुल 53 लाख की संपत्ति फ्रीज कर दी है।

Leave a Reply