धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में इस बार सरकारी स्कूल निजी स्कूलों पर भारी पड़े हैं। काॅमर्स और आर्ट्स संकाय में जहां सरकारी स्कूलों के बच्चों ने निजी स्कूलों को पछाड़ा है, वहीं साइंस विषय में निजी स्कूलों के विद्यार्थी सरकारी स्कूलों पर हावी हुए हैं। इस बार निजी स्कूलों को पछाड़कर 12वीं कक्षा की मेरिट लिस्ट में तीनों संकायों के 121 टॉपरों में 61 रैंकों पर सरकारी स्कूलों ने अपना परचम लहराया है, जबकि 60 रैंकों निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने हासिल किए हैं।
साइंस में नौ, काॅमर्स में 21 और आर्ट्स संकाय में 31 विद्यार्थी सरकारी स्कूलों की मेरिट लिस्ट में अपना स्थान पक्का करने में सफल हुए हैं। दूसरी ओर प्राइवेट स्कूलों के साइंस में 40, काॅमर्स में 15 और आर्ट्स संकाय में 5 विद्यार्थियों का कब्जा रहा है। शिक्षा बोर्ड की ओर से घोषित किए गए परीक्षा परिणाम में आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस संकाय की संयुक्त मेरिट लिस्ट में शामिल 76 मेधावियों में 42 पर सरकारी स्कूलों के बच्चों ने कब्जा जमाया है, जबकि निजी स्कूल 34 पर ही सिमट गए हैं। टॉप-10 सूची में आने के मामले में विज्ञान संकाय ने निजी स्कूलों की लाज बचाई है। इनमें साइंस में 40, आर्ट्स में 5 और कॉमर्स में 15 विद्यार्थी ही निजी स्कूलों से अपना स्थान मेरिट लिस्ट में बना पाए हैं।
