शिमला। पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुख्खू ने बड़ा बयान दिया है। सीएम ने दावा किया कि ईवीएम को कोई भी कहीं भी हैक कर सकता है। 2014 में जिस तरह से लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में वोटिंग प्रतिशतता रही। उस समय भी उन्होंने सवाल उठाए थे। कांग्रेस को केवल 20 प्रतिशत वोट पड़े। इससे शंका पैदा हो जाती है। सोमवार को सचिवालय परिसर में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा पर जांच एजेंसियों ईडी और सीबीआई को कार्यकर्ताओ के रूप में प्रयोग करने का आरोप लगाया।
देश में 2014 के बाद एक राजनीतिक परिवर्तन आया: सुक्खू
उन्होंने कहा कि देश में 2014 के बाद एक राजनीतिक परिवर्तन आया। पहले लोकतंत्र में किसी भी संस्था को दबाव में नहीं लिया जाता था, लेकिन भाजपा ने ईडी और सीबीआई को अपने कार्यकर्ता की तरह इस्तेमाल किया है। भाजपा चुनाव में साम साम दंड भेद सबका प्रयोग करती है, जो कांग्रेस ने कभी नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में कांग्रेस ने 20 साल बाद अपने उम्मीदवार सभी सीटों पर उतारे। वह खुद वहां पर प्रचार करने गए थे, वहां पर टीएमसी के खिलाफ काफी लोगों में रोष था। भविष्य में वहां पर निश्चित रूप से ही कांग्रेस सत्ता पर काबिज होगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा ने ध्रुवीकरण किया है। टीएमसी की 15 साल की एंटी इनकम्बेंसी का फायदा उठाया है। आने वाले समय में कांग्रेस बंगाल में वापसी करेगी।
