Spread the love

नाहन। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की देवामानल पंचायत में दो सगे भाइयों की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आठ वर्षीय आयान और नौ वर्षीय अभिनव गुरुवार को अपने पिता प्रवीण के साथ खड्ड के किनारे गए थे। इस दौरान जब उनके पिता काम में व्यस्त थे तब आयान का तंग रास्ते में पांव फिसला और वह खड्ड में गिर गया। बड़ा भाई अभिनव भी उसे बचाते हुए खड्ड में गिर गया। काफी देर तक दोनों एक दूसरे को बचाने के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन कामयाब नहीं हुए और पानी में डूब गए।

पिता माैके पर पहुंचे तो दोनों के शव पानी में तैर रहे थे
बताया जा रहा है कि यह हादसा दोपहर बाद करीब एक बजे हुआ, लेकिन पिता को घटना के बारे में देर से पता चला। जब तक पिता मौके पर पहुंचे तब दोनों के शव पानी में तैर रहे थे। पिता ने तुरंत 108 एंबुलेंस बुलाई और दोनों को खड्ड से निकाल कर नौहराधार अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रवीण के दो ही बेटे थे। दोनों की हादसे में मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि देवामानल पंचायत में खड्ड में डूबने से दो बच्चाें की मौत हो गई है। शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। रिपोर्ट में अगर कोई अन्य कारण सामने आएंगे तो उसके आधार पर आगे जांच बढ़ाई जाएगी। फिलहाल, इस मामले में परिजनों की ओर से किसी तरह का शक जाहिर नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, तहसीलदार नौहराधार विनोद कुमार ने बताया की परिजनों को 25-25 हजार की फौरी राहत प्रदान की गई है।

Leave a Reply