Spread the love

शिमला। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना में बेहतरीन कार्य के लिए हिमाचल को बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट का खिताब मिला है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय देश के कुल 18 राज्यों को इस श्रेणी में रखा है, जिसमें हिमाचल प्रदेश को भी शामिल किया है। लिहाजा नौ मई को मध्य प्रदेश में होने जा रहे समारोह में हिमाचल प्रदेश की तरफ से प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की मुख्य अभियंता अनिता कथूरिया इस सम्मान को हासिल करेंगी। हालांकि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को भी इस समारोह में शामिल होने का न्यौता केंद्रीय मंत्रालय की ओर से भेजा गया है। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के 25 वर्ष पूरे होने पर मध्य प्रदेश के सीहोर में समारोह का आयोजन केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित किया जा रहा है। योजना के अढ़ाई दशक पूरे होने पर इसमें बेहतरीन कार्य करने वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मंत्रालय ने चयन किया है, जिसमें चयनित 18 राज्यों में हिमाचल को भी बेस्ट परफॉरर्मिंग स्टेट में शामिल किया गया है। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में बेहतरीन सडक़ कनेक्टिविटी, निर्माण गुणवत्ता और समयबद्ध कार्यों के लिए राज्य को यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जा रहा है।

मध्य प्रदेश में होने जा रहे इस समारोह में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज चौहान प्रदेश को यह सम्मान देंगे। पता चला है कि केंद्रीय विकास मंत्रालय ने इस समारोह में शामिल होने के लिए प्रदेश से एक या दो वरिष्ठ अधिकारी के नाम भेजने को कहा था। लिहाजा प्रदेश से प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की मुख्य अभियंता ई. अनिता कथूरिया का चयन इसके लिए हुआ है। वह समारोह में प्रदेश की ओर से केंद्रीय मंत्री से यह सम्मान हासिल करेंगी। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कुल सडक़ नेटवर्क लगभग 42,779 किलोमीटर तक पहुंच चुका है, जिसमें 22 हजार किलोमीटर से अधिक सडक़ें अकेले पीएमजीएसवाई के तहत बनाई गई हैं। मंत्री ने कहा कि यह सम्मान लोक निर्माण विभाग की कड़ी मेहनत, पारदर्शिता और प्रदेश के हर कोने को सडक़ सुविधा से जोडऩे के संकल्प का परिणाम है।

पीडब्ल्यूडी अफसरों-कर्मियों की मेहनत

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पीएमजीएसवाई में हासिल की उपलब्धि को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और प्रदेश की जनता को समर्पित किया। पीएमजीएसवाई में मिली यह राष्ट्रीय पहचान एक बार फिर साबित करती है कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद हिमाचल प्रदेश विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है।

हिमाचल प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ई. एनपी सिंह का कहना है कि पीएमजीएसवाई में हिमाचल को बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने घोषित किया है। यह एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि हिमाचल की ओर से पीएमजीएसवाई की मुख्य अभियंता इस सम्मान को मध्यप्रदेश के सीहोर में आयोजित होने वाले समारोह में हासिल करेगी।

Leave a Reply