Spread the love

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में चुनावी सरगर्मियों का दौर तेज हो गया है। भाजपा ने रविवार को धर्मशाला के दाड़ी मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कानून व्यवस्था, आर्थिक कुप्रबंधन, महंगाई और चुनावी वादों को लेकर बड़ा हमला बोला है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में अपराध, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ा है, जबकि सरकार अपने चुनावी वादे पूरे करने में विफल रही है। भाजपा नेताओं ने नगर निगम चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करते हुए पूर्ण बहुमत से भाजपा की नगर निगम बनाने का संकल्प दिलाया। साथ ही नेताओं ने कहा कि दाड़ी मैदान से जीत का क्रम शुरू होगा, जिससे पहले नगर निगम में जीत दर्ज होगी और फिर वर्ष 2027 में प्रदेश की सत्ता से कांग्रेस को बाहर भी कार्यकर्ता ही करेंगे। प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी भाजपा ने सरकार को घेरा। भाजपा के अनुसार हिमाचल पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है, और सरकार विकास कार्यों के बजाय राजनीतिक नियुक्तियों तथा सलाहकारों पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं, जनकल्याणकारी योजनाओं भी बंद कर दी है।

जयराम बोले, 30 साल पीछे चला गया प्रदेश

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि नगर निगम का चुनाव छोटा नहीं, बल्कि महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश तीन दशक पीछे चला गया है। जयराम ने कहा कि भाषणों में टूरिज्म केपिटल नहीं बनते, बल्कि धरातल में काम करना पड़ता है। जयराम ठाकुर रविवार को धर्मशाला के दाड़ी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने सीएम सुक्खू पर नगर निगम और पंचायती राज चुनाव देर से करवाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार चुनाव को टालना चाहती थी, जिसके लिए आपदा का बहाना बनाया और डिजास्टर एक्ट लगा दिया। अब चुनाव हो रहे हैं, तो सुप्रीमकोर्ट के आदेश पर हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कोविड काल जैसे समय में हमने समय पर पंचायती राज चुनाव करवाए थे। नगर निगम में जीत से शुरुआत होगी, फिर बदलाव की लहर से राज्य में भी भाजपा की सरकार बनेगी। एयरपोर्ट विस्तार को लेकर तकनीकी औपचारिकताएं भाजपा कार्यकाल में ही पूरी करवाई गई थी। केंद्रीय विश्वविद्यालय के जदरांगल में बनने वाले भवन को लेकर भी भूमि चिन्हित करवाई थी, लेकिन साढ़े तीन साल में कांग्रेस सरकार इसके 30 करोड़ रुपए जमा नहीं करवा पाई है।

भाजपा पर देश के लोगों को विश्वास

प्रदेश भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि वर्ष 2024 के बाद जिन भी राज्यों में चुनाव हुए हैं, वहां भाजपा की सरकार बनी है। मैं कृष्ण की नगरी मथुरा से देवभूमि हिमाचल में आया हूं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नगर निगम के सभी 17 वार्डों में कमल खिलाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने वाली है। दाड़ी में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश में भाजपा की आंधी चल रही है। कांग्रेस व्यक्तिगत आरोपों पर उतर आई है, भाजपा को गाली देना ही, कांग्रेस नेताओं का काम हो गया है, ऐसे में कार्यकर्ता कांग्रेस को सबक सिखाएं। उन्होंने कहा कि आजाद भारत में पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनी है, बंगाल से शुरू हुआ जीत का क्रम, नगर निगम में भी दोहराया जाए, जिससे कि वर्ष 2027 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बने। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को अधिमान देती है, धर्मशाला के 17 वार्डों में से नौ में महिलाओं को प्रत्याशी बनाया गया है।

Leave a Reply