कांगड़ा। जिला कांगड़ा के धनोटू के पास निर्माणाधीन पुल गत सोमवार रात ध्वस्त हो गया है। बताया जाता है कि खड्ड में पानी आ जाने की वजह से यह नौबत आई। लोग निर्माण का स्तर हल्का होने की बात भी कह रहे हैं । घनोटू से ललहेटा वाया टुंडू सडक़ का निर्माण लोक निर्माण विभाग शाहपुर द्वारा किया जा रहा है। इसी के तहत इस पुल का निर्माण भी किया जा रहा है। बताया जाता है कि छह किलोमीटर की इस रोड में 50 मीटर का पुल भी है, जिसका निर्माण कार्य चला हुआ था। लेकिन सोमवार रात यह पुल ध्वस्त हो गया । इस सडक़ और पुल को नौ करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया जा रहा है । इस पुल के ध्वस्त होने से करीब सवा करोड़ रुपए के नुकसान का अंदेशा लगाया जा रहा है।
लोग लंबे समय से इस सडक़ और पुल के बन जाने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इस पुल के ध्वस्त होने से उनकी उम्मीदेंधराशायी हो गई है । लोगों का कहना है कि यह पुल कैसे ध्वस्त हुआ इसकी जांच होनी चाहिए । लोक निर्माण विभाग शाहपुर के अधिशाषी अभियंता नीरज जसवाल का कहना है कि खड्ड में पानी ओवरफ्लो होने की वजह से निर्माणाधीन पुल ध्वस्त हुआ है और यह भरपाई ठेकेदार से होगी। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कड़ा संज्ञान लेते हुए पुल की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश अफसरों को जारी किए हैं।
