Spread the love

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में 11वीं और 12वीं कक्षा में दाखिले के लिए अंतिम तारीख 25 मई तक बढ़ गई है। शिक्षा निदेशालय की ओर से विद्यार्थियों के हित में यह निर्णय लिया गया है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पूर्व प्रांत महामंत्री डॉ. मामराज पुंडीर ने कहा कि पांच मई को शिक्षा निदेशक को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की समस्याओं को देखते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक छात्र-छात्राएं परिणामों में विलंब, आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति तथा ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में आवागमन संबंधी कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश लेने में असमर्थ थे। उन्होंने कहा कि 25 मई तक तारीख बढ़ाने का फैसला शिक्षा के प्रति सरकार की सकारात्मक सोच को दर्शाता है।

आनी शिक्षा खंड के स्कूलों में अब लागू होगा विंटर वेकेशन शेड्यूल
जिला कुल्लू के आनी शिक्षा खंड के स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से अवकाश प्रणाली में बदलाव किया गया है। अब इन स्कूलों में मौजूदा समर वेकेशन व्यवस्था की जगह विंटर वेकेशन शेड्यूल लागू होगा। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय की ओर से उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कुल्लू को निर्देश जारी किए गए हैं। शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि विद्यार्थियों के हित और क्षेत्र की जलवायु परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है। नए शेड्यूल के तहत स्कूलों में 1 जनवरी से 11 फरवरी तक 42 दिन का शीतकालीन अवकाश रहेगा। 7 अगस्त से 12 अगस्त तक छह दिन का मानसून ब्रेक दिया जाएगा। वहीं दिवाली से दो दिन पहले और दो दिन बाद कुल चार दिन का फेस्टिवल ब्रेक भी निर्धारित किया गया है। उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कुल्लू को निर्देश दिए हैं कि आनी शिक्षा खंड के सभी संबंधित स्कूलों को नए अवकाश कैलेंडर की जानकारी देकर इसका अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

Leave a Reply