शिमला। प्रदेश में चिट्टा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच जिला पुलिस शिमला ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रहने वाले सप्लायर शिव शंकर को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चिट्टा सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और ठियोग में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान उसका नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक थाना ठियोग में 12 अप्रैल, 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में कुलदीप वर्मा उर्फ आशु निवासी नलेहा, तहसील ठियोग के कब्जे से 8.34 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। जांच के दौरान सप्लाई चेन से जुड़े कई अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर शिव शंकर की पहचान सप्लायर के रूप में हुई।
जिला पुलिस शिमला के अनुसार पुलिस थाना ठियोग की टीम ने 13 मई, 2026 को कार्रवाई करते हुए शिव शंकर पुत्र कर्ण पाल सिंह निवासी तहसील बिलारी, जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस थाना बालूगंज में 20 मार्च, 2026 को दर्ज एक मामले में हरियाणा के पांच आरोपियों के कब्जे से 93.970 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। पुलिस पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की जांच में पता चला कि यह खेप फरीदकोट निवासी गुरमीत उर्फ बिल्ला से ली गई थी।
नए साल में 35 नशा तस्कर गिरफ्तार
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक बैकवर्ड लिंकिज के आधार पर 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पिछले वर्षों की तुलना में यह संख्या काफी अधिक है। वर्ष 2024 में ऐसे सात और वर्ष 2025 में 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस ने यह भी दावा किया है कि वर्ष 2026 में अब तक 26 नशा तस्करी नेटवर्कों को ध्वस्त किया गया है।
