धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में गुरुवार को बारिश के साय के बीच पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच भिड़ंत होगी। पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पूर्व मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश ने कहा कि आईपीएल में कोई भी टीम खराब नहीं होती। पंजाब ने सीजन की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन किया था। वह कभी भी वापसी कर सकते हैं, इसलिए हम अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतरेंगे। अपनी व्यक्तिगत तैयारियों पर बात करते हुए बॉश ने कहा कि वह रिकी पोंटिंग की कोचिगं वाली विपक्षी टीम की कमियों को भांपने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ऑलराउंडर के तौर पर मेरी कोशिश रहती है कि मैं खेल के तीनों विभागों में अपना 100 प्रतिशत दूं। वानखेड़े या चंडीगढ़ की पिच अलग तरह की चुनौतियां पेश करती हैं, लेकिन हमने अपनी योजनाएं तैयार कर ली हैं।
हार्दिक पांड्या की मैदान में कमी महसूस की जा रही
मुंबई की गेंदबाजी के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि टीम के गेंदबाज एक यूनिट के रूप में शानदार काम कर रहे हैं। उन्होंने टीम ने कहा कि ओस एक बड़ा फैक्टर साबित हो सकती है, इसलिए हम गीली गेंद के साथ अभ्यास कर रहे हैं, ताकि अंतिम ओवरों में रन रोकने में सफल रहें। मुंबई इंडियंस के खेमे में उत्साह का माहौल है। बॉश ने भरोसा जताया कि टीम का बैलेंस अब काफी बेहतर है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को होने वाले मुकाबले में दर्शकों को एक हाई वोल्टेज मैच देखने को मिल सकता है। जहां पंजाब अपनी हार का सिलसिला तोड़ना चाहेगी, वहीं मुंबई अपनी जीत की लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि हार्दिक पांड्या एक बेहतर कप्तान ही नहीं, बल्कि बेहतरीन खिलाड़ी भी हैं। मैदान में उनकी कमी महसूस की जा रही है।
