शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं और शहरी निकायों के चुनावों के चलते लागू आदर्श आचार संहिता का असर अब सरकारी भर्तियों पर भी दिखाई देने लगा है। राज्य चुनाव आयोग ने प्रदेश सरकार को 700 पुलिस जवानों और 800 होमगार्ड जवानों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की अनुमति नहीं दी है। आयोग से मंजूरी नहीं मिलने के कारण फिलहाल यह भर्ती टाल दी गई है। प्रदेश में शहरी निकायों तथा त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनावों के चलते 31 मई तक आदर्श आचार संहिता लागू है।
आयोग का मानना है कि चुनाव अवधि के दौरान सरकार ऐसा कोई बड़ा निर्णय या घोषणा नहीं कर सकती, जिससे मतदाताओं या चुनाव प्रक्रिया पर प्रभाव पड़ने की आशंका हो। इसी आधार पर पुलिस और होमगार्ड भर्ती को भी आचार संहिता के दायरे में रखा गया है। सूत्रों के अनुसार अब यह भर्ती प्रक्रिया पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव संपन्न होने के बाद अगले महीने शुरू किए जाने की संभावना है। भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं को फिलहाल कुछ और समय प्रतीक्षा करनी होगी।
