शिमला/ऊना। देश के मैदान इलाकों में बढ़ती गर्मी के बीच प्रदेश के मौसम ने एक बार फिर अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के ऊना जिला में रिववार को जहां फिर से अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री से पार पहुंच गया, वहीं शिमला सहित ऊंचाई वाले और मध्य पर्वतीय इलाकों में रविवार को मौसम खराब बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सबसे ज्यादा 23 एमएम बारिश सुनिभज्जी में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जोत में 11 , जोगिंद्रनगर में आठ, फागू में तीन, कोकसर में 1.4 और पंडोह में एक एमएम बारिश हुई। सुंदरनगर में 43 किलोमीटर प्रति घंटा और सिओबाग में 52 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
न्यूनतम तापमान
रविवार सुबह राज्य का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लाहुल-स्पीति के कुकुमसेरी में 4.1, केलांग 5.3, ताबो 5.3, कल्पा 7.4, भुंतर 12.8, सराहन 13.5, सोलन 15.0, पालमपुर 16.5, सुंदरनगर 16.6, मंडी 17.4, शिमला 18.0, कांगड़ा 19.4, नेरी 19.8, धर्मशाला 20.6 डिग्री सेल्सियस
नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बरसेंगे बादल
28 मई से मौसम फिर करवट बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से 28 मई से प्रदेश में फिर से बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 28, 29 और 30 मई को कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। 29 मई को कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
