कसौली। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत जंगेसू के गांव थारूगढ़, मनौण और एयरफोर्स स्टेशन कसौली से सटे जंगलों में मंगलवार को भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के जंगलों के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड परवाणू की दो अग्निशमन गाड़ियां, छावनी परिषद कसौली की एक अग्निशमन गाड़ी और एयरफोर्स स्टेशन कसौली की तीन अग्निशमन गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। इसके अलावा दमकल विभाग, वन विभाग के कर्मचारी तथा सेना के जवान लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले मनौण गांव के समीप जंगल में भड़की थी। शुरुआती दौर में आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका, जिसके चलते तेज हवाओं और सूखे जंगलों के कारण आग तेजी से फैलती हुई परवाणू-कसौली सड़क के ऊपर तक पहुंच गई। आग के लगातार फैलने से प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिन के समय हेलिकॉप्टर की सहायता भी ली गई। हेलिकॉप्टर के माध्यम से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आग बुझाने के प्रयास किए गए, जहां जमीन के रास्ते पहुंचना काफी कठिन हो रहा था।
जंगल में लगी आग के कारण क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग की लपटों के कारण आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना रहा। हालांकि राहत की बात यह रही कि देर शाम तक किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली थी। प्रशासन, सेना, एयरफोर्स और विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम की ओर से लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जंगलों में आग संबंधी किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
