मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अधिकारियों के हाथों की कठपुतली बन चुके हैं और पूरी तरह से दबाव में हैं। उन्होंने वर्तमान कार्यवाहक मुख्य सचिव को स्थायी नियुक्ति दिए जाने के फैसले की निंदा की। मंडी से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस अधिकारी की नियुक्ति को उच्च न्यायालय में जनहित याचिका के जरिए चुनौती दी गई है और जहां कोर्ट ने सरकार को नोटिस जारी किया है। ऐसे संवेदनशील समय में उसी अधिकारी को स्थायी सीएस बनाना सरकार की नीयत पर बड़े सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत तीन एफआईआर दर्ज हैं और चेस्टर हिल बेनामी संपत्ति मामले में भी इनका नाम आ चुका है। इसके बावजूद कार्रवाई करने के बजाए मुख्यमंत्री उन्हें संरक्षण दे रहे हैं, जिससे साफ है कि कांग्रेसी नेताओं और मित्र मंडली के कुछ गहरे राज इन अधिकारियों के पास दबे हैं। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री इतने बेबस हैं कि वह भ्रष्ट अधिकारियों को पुरस्कृत कर रहे हैं और उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद भी सेवा विस्तार या पुनर्नियुक्ति देने की फिराक में हैं।
