मंडी। नगर निगम चुनाव के चलते मंडी सियासी हॉट सीट बन गई है। यहां पर सीधी टक्कर भाजपा और कांग्रेस में होने के बावजूद दो बड़े राजनीतिक दलों के बीच बर्चस्व की जंग भी हो रही है। मंडी नगर निगम के 14 वार्डों में मतदान हुआ। 17 मई को मतदान करवाया जा चुका है और यही बाते सामने आ रही हैं कि टक्कर भाजपा और कांग्रेस के बीच ही होगी। यहां सीएम सुक्खू और जयराम की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। मंडी के खलियार वार्ड में मुकाबला रोचक बना हुआ है कांग्रेस ने यहां कौल सिंह ठाकुर के भतीजे प्रवीण ठाकुर को मैदान में उतारा, तो भाजपा अपने पूर्व जिलाध्यक्ष रणवीर ठाकुर से जीत की आस लगाए बैठी है। खलियार में अल्कनंदा हांडा कांग्रेस के लिए और राजीव वैद्य भाजपा को टेंशन दे रहे हैं। ऐसे ही समीकरण भगवाहन मुहल्ला वार्ड में भी उभरे हैं। गगन कश्यप को भाजपा ने मैदान में उतारा है। चंद्रशेखर वैद्य, दिनेश शर्मा और अनिल कपूर तीनों ही भाजपा की संघी जमात से होने के बावजूद बागी हैं। कांग्रेस यहां तेजेंद्र सिंह को पैराशूट से लाकर जीत तलाश रही है। समखेतर में भाजपा जितेंद्र शर्मा को लाई है तो निखिल वालिया नाराज होकर मैदान में हैं। कांग्रेस ने यहां गौरव शर्मा पर भरोसा जताया तो दिव्य हांडा अपनों का ही भांडा फोडऩे को मैदान में डटे रहे।
पड्डल में दो बहुएं सामने हैं। यहां कांग्रेस की नीलम शर्मा और भाजपा की निर्मला वर्मा मैदान में हैं। तल्याहड़ में कांग्रेस ने रूपेश ठाकुर के आसरे आगे आई, तो आकाश शर्मा ने टंगड़ी अड़ा दी। भाजपा ने जितेंद्र सिंह को आगे किया तो लंगड़ी लगाने को अमित गुलेरिया और यादविंद्र मैदान में डट गए। नेला में कांग्रेसी पार्षद राजेंद्र मोहन की पत्नी नर्वदा मोहन को उतारा, तो भाजपा मंजू देवी लेकर आ गई। मंगवाई में भी कांग्रेस पार्षद योग राज योगा की पत्नी रजनी चंद्रा को टिकट दिया है। यहां भाजपा ने कृष्णा ठाकुर को मैदान में उतारा है। पेलेस एक में भाजपा ने पार्षद हरदीप सिंह राजा की पत्नी गुरदीप कौर को टिकट दिया, तो पुष्पा ठाकुर नाराज होकर मैदान में आ गई। यहां कांग्रेस नीम दासी को खड़ा कर गई। पड्डल में कांग्रेस पार्षद रहे पुष्पराज की पत्नी नीलम शर्मा को उतारा है।
पतियों की सियासत बचाने मैदान में उतरी पत्नियां
सुहड़ा में भाजपा की नेहा और कांग्रेस की सुषमा में टक्कर है। थनेहड़ा में कांग्रेस गीतांजलि को लेकर आई, तो सामने भाजपा की रजनी शर्मा आई। दौंहदी में कांग्रेस ने अपनी पूर्व पार्षद अंजय कुमारी को उतारा है, तो भाजपा ने रीता देवी पर विश्वास जताया है। संयारढ़ में भाजपा ने अपने पूर्व पार्षद वीरेंद्र आर्य को ही उतारा है। कांग्रेस यहां भाजपा से प्रत्याशी लाकर विनोद कुमार से जीत की उम्मीद लगाए बैठी है। पेलेस-दो में भी भाजपा ने पूर्व प्रत्याशी सुमन ठाकुर को उतारा है और कांग्रेस यहां विनय शर्मा से जीत की उम्मीद लगाए बैठी है। मंडी नगर निगम में भाजपा कांग्रेस से चार पूर्व पार्षद मैदान में हैं। चार वार्डों में पत्नियां पतियों की सियासत बचाने को मैदान में हैं। पुरानी मंडी में आरक्षण ने पूर्व मेयर वीरेंद्र भट्ट को घर बिठाया, तो भाजपा सरिता हांडा को लाई है और कांग्रेस रेखा कश्यप से भाजपा के गढ़ में जीत दिलाने की उम्मीद लगाए बैठी है। निगम में एक पार्षद अल्कानंदा हांडा बागी होकर चुनाव लड़ रही है। निगम की डिप्टी मेयर रही माधुरी के पति अनिल भी बागी मैदान में हैं। ऐसे में सियासी चौसर पर सिर्फ मोहरे ही सजे हैं, जबकि हिसाब किताब बड़े नेताओं की राजनीति का होना है।
