Spread the love

शिमला। पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए प्रदेश भर में शनिवार को 1189 पंचायतों में वोट डाले जाएंगे। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस तैनात की जाएगी। इसे लेकर निर्वाचन आयोग ने सभी इंतजाम करने को लेकर उपायुक्तों को पहले से निर्देश जारी किए हैं। दरअसल राज्य के कई बूथों में 28 मई को हुए चुनाव में लड़ाई-झगड़े की नौबत की सूचनाएं मिली हैं, ऐसे में आखिरी चरण के चुनाव को लेकर आयोग और भी अलर्ट हो गया है।

अंतिम चरण के चुनाव में हालांकि पंचायत स्तर पर प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के नतीजे घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम 31 मई को ब्लॉक मुख्यालय में घोषित किए जाएंगे। चुनाव परिणाम के बाद हालांकि राज्य में शहरी निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का दौर संपन्न हो जाएगा।

3754 पंचायतों में चुनावी प्रक्रिया होगी संपन्न

प्रदेश में तीन चरणों में करवाए जा रहे पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का शनिवार को आखिरी दिन है। इसके साथ ही राज्य की 3754 पंचायतों में चुनाव की प्रक्रिया भी संपन्न हो जाएगी। प्रदेश की 3754 ग्राम पंचायतों में 3754 नए प्रधान और इतने ही उपप्रधान के साथ-साथ 21,654 पंचायत सदस्य मिल जाएंगे। सभी पंचायतों को अपनी-अपनी नई सरकार मिलेगी, जो पंचायत और सभी वार्डों के विकास को आगे बढ़ाएगी।

कल आएंगे बीडीसी-जिला परिषद सदस्यों के नतीजे

कार्यालय संवाददाता — शिमला

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के लिए हो रहे चुनाव को लेकर वोटिंग का शनिवार आखिरी दिन है। प्रदेश में आज 1189 पंचातयों में वोटिंग होगी, जिसमें 1769 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्यों के लिए भी एक साथ वोटिंग होगी। मतदान की इस प्रक्रिया के सम्पन्न होने के बाद जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम 31 मई को राज्य के सभी 92 ब्लॉकों में निकाले जाएंगे। मतगणना को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिला उपायुक्तों को जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं और जहां जरूरी है, वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के भी निर्देश जारी किए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के लिए करीब 50-50 कर्मचारी लगाए जाएंगे।

टेबल पर पहले सभी सीलबंद बॉक्स खोले जाएंगे और उसके बाद जिला परिषद और समिति सदस्यों के वोटों को अलग अलग पंचायत स्तर पर किया जाएगा। उसके बाद कुल पड़े वोटों के साथ भी वोटों को मिलान किया जाएगा और फिर वोटों की गिनती शुरू की जाएगी। राज्य में होने वाली इस मतगणना पर प्रदेश के लोगों की निगाहें टिकी हुई है।

Leave a Reply